सबसे नए तीन पन्ने :

Showing posts with label पत्ता पत्ता बूटा बूटा. Show all posts
Showing posts with label पत्ता पत्ता बूटा बूटा. Show all posts

Monday, May 2, 2016

तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाये- पत्ता-पत्ता बूटा बूटा- चौथी कड़ी


याद है दोस्तो! स्कूल में हिंदी पढ़ते समय जब अलंकार पढ़ाये जाते थे? अनुप्रास, श्लेष, यमक, उपमा, उत्प्रेक्षा ? न सिर्फ इनकी परिभाषायें, बल्कि सबके उदाहरण भी याद करने पड़ते थे। आज जब पत्ता-पत्ता बूटा-बूटा की नयी कड़ी लिखने बैठी तब उन्हीं दिनों का याद किया यह पद बार-बार कानों में मंजीरे सा बजने लगा
"तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाये"।



तरणि- तनुजा यानी सूर्य की पुत्री यमुना। पुराणों में यमुना को सूर्य की पुत्री बताया गया है और यम को उनका भाई। दीवाली के बाद जो भाई-दूज आती है, उसे यम-द्वितीया भी कहते हैं। मिथिलांचल में भाई को टीका करते समय कहा जाता है - यमुना न्योतेछि यम के, हम न्योतेछि भाई के।

तो उसी सूर्य की पुत्री और यम की बहन यमुना के तट पर बहुत सारे ऊँचे घने तमाल के वृक्ष छाये हुए हैं मानो झुक-झुक कर जल का स्पर्श करने की चेष्टा कर रहे हों, या उस जल के दर्पण में अपनी शोभा निहार रहे हों, या यमुना के जल को अत्यन्त पावन जानकर उसे प्रणाम कर रहे हों।

तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाये
झुके कूल सों जल परसन हित मनहुँ सुहाये।
किधौं मुकुर में लखत उझकि सब निज-निज सोभा कै प्रणवत जल जानि परम पावन फल लोभा।। 
वृंदावन के कृष्‍ण-बलराम मंदिन के प्रांगण में तमाल वृक्ष



भारतेन्दु हरिश्चन्द्र के इन शब्दों में कुछ ऐसा आकर्षण था कि यमुना तट आँखों में तरंगित होने लगा। ऊँचे -ऊँचे तमाल वृक्षों के बीच से वो पगडण्डी भी दिखाई देने लगी जिस पर दिन भर के गोचारण से क्लांत गोपाल कृष्ण बस आने ही वाले हैं। बल्कि उनकी बाँसुरी की टेर तो सुनाई भी दे रही है। हरे-हरे बाँस की बाँसुरी, जिससे राधा ही नहीं सभी गोपियाँ डाह करती हैं --

मोरपखा सिर ऊपर राखिहौं गुंज की माल गरे पहिरौंगी
ओढ़ि पितंबर लै लकुटी बन गोधन ग्वारनि संग फिरौंगी।
भावतो तोहि कहा रसखानि सो तेरे कहे सब स्वाँग करौंगी
या मुरली मुरलीधर की अधरान धरी अधरा न धरौंगी।।

सखी राधा से कहती है - तुम चाहती हो कि मैं कृष्ण का स्वाँग भरूँ तो मैं तुम्हारा कहना मानकर पूरा भेष धरूँगी - सिर पर मोरपंख, गले में गुंजा माला, कटि में पीताम्बर पहन लूँगी। हाथ में लाठी लिए गायों के साथ-साथ फिरूँगी। बस एक ही काम मुझसे नहीं होगा - ये मुरलीधर श्रीकृष्ण के होठों से लगी मुरली मैं अपने होठों पर नहीं रखूँगी। 

राधा-कृष्ण के दिव्य अलौकिक प्रेम का आधार है यह यमुना-तट। यह वंशी-वट, जहाँ शरद ऋतु के पूर्ण चन्द्र की चाँदनी में महारास का आयोजन हुआ था। यह कदम्ब, जिस पर झूला पड़ा था और राधा प्यारी और कृष्ण मुरारी बारी-बारी झूले थे। और यह तमाल, जो उनकी लीला-कथा का प्रथम साक्षी बना था। जयदेव ने गीत गोविन्द के पहले ही श्लोक में लिखा है कि बादलों के उमड़ने-घुमड़ने से आकाश और सघन तमालों से भूमि पहले ही श्यामल हो रही थी कि रात घिर आयी। अब नन्द जी को चिंता है कि ऐसे निविड़ निशीथ में कहीं बालक डरकर घर न भूल जाये इसलिए वे राधा से कहते हैं कि इसे घर पहुँचा दो।

मेघैर्मेदुरमम्बरं वनभुवः श्यामास्तमालद्रुमैर्  
नक्तं भीरुरयं त्वमेव तदिदं राधे गृहं प्रापय।।

लेकिन यह श्यामलता तो तमाल का एक गुण हुआ।  दूसरा गुण है वसंत में उसके फूलों की मादक गंध। जयदेव कहते हैं -  ऐसा लगता है जैसे इसने कस्तूरी की गंध को जबरन अपने वश में कर लिया है।

मृगमद-सौरभ-रभस-वशंवद-नवदल-माल-तमाले

यही गुण उसे कृष्ण के और पास ले जाता है, उनसे गहरा नाता जोड़ देता है। दोनों एक जैसे श्याम वर्ण के और जबरन किसी का चित्त मोह लेने वाले।

तभी तो कृष्ण के अनन्य उपासक चैतन्य महाप्रभु को श्यामल तमाल में घनश्याम की प्रतीति होती है और वे तमाल तले समाधिस्थ हो जाते हैं, कुछ वैसे ही जैसे कोसों दूर से जगन्नाथ मंदिर की ध्वजा देखकर हो गये थे। ​

 ​
लेकिन विडम्बना देखिये हम तमाल को भूल गये हैं। तरणि तनूजा तट के तमाल तरु आपको दिखाने के लिये जब मैंने गूगल महाराज और विकिपीडिया महारानी का सहारा लिया तो उन्होंने मुझे निहायत उलझे और घुमावदार रास्तों पर भटका दिया। कुछ-एक अंग्रेज़ी और वनस्पति-विज्ञानी नाम बताये। तमाल को कभी जंगली बादाम तो कभी तेज-पत्ता बताया। एक रास्ता तमाल के फल के रस से मोटापा कम करने की ओर भी ले जा रहा था, शुक्र है कि मैंने उस पर आगे बढ़ने से पहले स्वास्थ्य सम्बन्धी चेतावनी पढ़ ली।

तमाल वृक्ष के चित्र ढूँढ़ने में भी सफलता हासिल नहीं हो सकी। उन चित्रों में आम, कटहल, जामुन और तेज-पत्ता तो मिला तमाल नहीं मिला। कम से कम ऐसा कोई चित्र नहीं मिला जिसे आपके सामने रखकर कह सकती - ये लीजिये, यह है तमाल। जितना समय इस भूलभुलैया में भटकते हुए गँवाया, अगर उतनी देर पैदल चलती तो शर्तिया वृंदावन पहुँच जाती और तब शायद खुद ही तमाल का चित्र खींच लाती। आगरा के उस बँगले तक भी पहुँच सकती थी जहाँ वर्षों पूर्व पं०विद्यानिवास मिश्र जी रहते थे और जहाँ किसी ने उन्हें तमाल से परिचित कराया था।

"तमाल के झरोखे से" शीर्षक लेख में वे कहते हैं -
याद नहीं किसने इसे पहचनवाया, क्योंकि इसे पहचानते ही लगा कि जाने कब से इसे पहचानता हूँ। काली कालिंदी को इसी ने अपनी घनी काली छाया से और काला भँवर बना दिया।  इसी ने गोरी राधा के उज्ज्वलनील प्यार की छाँह और सघन, और आर्द्र कर दी। इसको मैं हर वसंत में झरते और झीने-झीने फूलों से भरते देखता हूँ। हर वर्षा में इसे सघन पत्र-जाल का छत्र बना देखता हूँ। इसकी छाँह में जो रसवर्षा होती है वह बाहर की रसवर्षा से कहीं अधिक ज़ोरदार होती है। यह तमाल दोनों रसवर्षाओं से भीग-भीगकर सिहरता रहता है। इसकी छाया में कितना अंधकार सिमटता है। उस अंधकार में वृषभानु की दमकती दुलारी राधा श्यामा हो जाती है और श्याम घनश्याम हो जाते हैं। श्यामा-श्याम की रसकेलि  से भीगी वन भूमि श्यामा हो जाती है। 

तभी निर्गुण ब्रह्म के उपासक उसे ढूँढ-ढूँढ़कर थक जाते हैं और वह कहीं नहीं मिलता। श्रुति-स्मृति भी नेति नेति कहकर कन्नी काट लेती हैं। लेकिन सगुण उपासक को वह यमुना तट पर सहज ही मिल जाता है, यहीं वृंदावन में, तमाल तले, माधवी कुंज में मानिनी राधा की मनुहार करते हुए --

ब्रह्म मैं ढूँढ्यो पुरानन मानन बेद रिचा सुनि चौगुने चायन
देख्यो सुन्यो कबहूँ न कितहुँ वह कैसे सरूप औ कैसे सुभायन
ढूँढत ढूँढत बौरि भई रसखानि बतायो न लोग लुगायन
देख्यो दुर्यो वह कुंज कुटीर में बैठि पलोटतु राधिका पायन।
_____________________________________________________________________________________________
गूगल से निराश होकर सोचा फूल-पत्तियों के प्रेमी गुरुदेव की शरण में जाऊँ। लेकिन उनके जो गीत मुझे याद हैं, वहाँ भी तमाल नदारद था। तब अपने संबंधी और बांग्ला लेखक अमर मुदी से पूछा। उन्होंने शब्दकोश के हवाले से बताया -

তমাল একপ্রকার সপুষ্পক উদ্ভিদ। এটি বনগাব, মহেশকাণ্ড ইত্যাদি নামেও পরিচিত। এর ইংরেজি নাম Mottled Ebony; এছাড়া বিভিন্ন ভাষায় একে Jagala Ganti Mara, Kari, Quarrelsome Tree, Vakkana, Nila Viruksha, Kare Mara, Kari Maram, Bistendu, Bombay ebony, बिसतॆंदु, Bistendu, Kala dhao, Kendu, Dakanan, Lohari, kakaulimera, kakavulimidi, kakiulimera, makha ইত্যাদি নামে ডাকা হয়।[১][২] তমাল গাছের বৈজ্ঞানিক নামDiospyros montana বা Diospyros cordifolia; যা 'Ebenaceae' পরিবারভুক্ত। এটি দক্ষিণ ও দক্ষিণ-পূর্ব এশিয়া, চীন, ক্রান্তীয় অস্ট্রেলিয়া ইত্যাদি অঞ্চলে জন্মে।

जयदेव के अनुपम गायक पंडित रघुनाथ पाणिग्रही से यह अष्टपदी सुनिये। कविता और कण्ठस्वर में से कौन किससे बढ़कर है, कहना कठिन है न?






इस श्रृंखला की पुरानी कडियां आप यहां पढ़ सकते हैं।

Monday, April 25, 2016

पत्ता पत्ता बूटा बूटा--जानी मानी भूतपूर्व समाचार वाचिका शुभ्रा शर्मा की श्रृंखला-तीसरी कड़ी-- अम्बुआ की डारी बोले कारी कोयलिया

जानी-मानी पूर्व समाचार वाचिका शुभ्रा शर्मा रेडियोनामा पर अपनी श्रृंखला प्रस्‍तुत कर रही हैं--'पत्‍ता पत्‍ता बूटा बूटा'। आज इस श्रृंखला की तीसरी कड़ी। पुरानी कडियां आप यहां पढ़ सकते हैं।



संगीत का शौक हमारे घरवालों का पुश्तैनी मर्ज़ है। मेरे परनाना पंडित श्याम सुंदर जी बदलते मौसम के अनुरूप होली, चैती, कजरी गुनगुनाते रहते थे। उनकी बड़ी बेटी यानी मेरी नानी केसर कुँवर अपने बाल गोपाल से सारी बतकही गीतों में करती थीं - सुबह सवेरे- "जागिये ब्रजराज कुँवर पंछी बन बोले", श्रृंगार करते समय- "राधे प्यारी दे डारो ना बंसी मोरी" और भोग लगाते समय- "आली म्हणे लागे बृंदावन नीको"। संगीत का यही संस्कार उन्होंने अपनी दोनों बेटियों यानी हमारी माँ-मौसी को भी दिया। तब तक घर में कुत्ते की फोटू वाला चूड़ी बाजा यानी HMV का ग्रामोफ़ोन आ चुका था और दोनों बहनें अपने जेब-ख़र्च से पैसे बचाकर ख़ूब रिकॉर्ड खरीदा करती थीं। शादी के बाद वे दोनों तो पराये घर चली गयीं लेकिन उनके चुन-चुनकर जमा किये रिकॉर्ड, मय ग्रामोफ़ोन के वहीँ रह गये। अब मेरा बचपन चूंकि ननिहाल में बीता इसलिए मैं अकेली ही इस विरासत की हक़दार बनी। 
उन रिकार्ड्स में तिमिर बरन
, के सी डे, के एल सहगल, जूथिका रे, सचिन देब बर्मन, हेमन्तो मुख़र्जी, खुर्शीद, नूरजहाँ, जैसे परिचित-अपरिचित बहुत से नाम थे। सच पूछिए तो उन दिनों मेरी दिलचस्पी गानों में कम और ग्रामोफ़ोन की सुई बदलने या उसकी चाभी भरने में ज़्यादा रहती थी। फिर भी गाने कान में पड़ते रहते थे और याद भी हो जाते थे। ऐसा ही एक गाना था -- 

अम्बुआ की डारी बोले कारी कोयलिया, आजा बलमुआ हमार।    




चार-पांच साल की बच्ची को शायद ये गाना इसलिए भी पसंद आया होगा क्योंकि इसकी रिदम बड़ी ज़बरदस्त है। पैर अपने आप ठुमकने लगते हैं। बाद में जाना कि आशा भोंसले ने इसे पं० निखिल घोष के निर्देशन में गाया था। निखिल जी प्रख्यात बाँसुरी वादक पं० पन्नालाल घोष के छोटे भाई थे और तबला और सितार दोनों में महारत रखते थे। 

अम्बुआ की डाली पर कोयलिया बोलने का मौसम यानी बसंत का मौसम। राग-रंग, यौवन-तरंग का मौसम। प्रियतम साथ हो तो झूमने इठलाने का मौसम और अगर साथ न हो तो उसे पुकारने का मौसम।

रंग-रंग के फूल खिले मोहे भाये कोई रंग ना

अब आन मिलो सजना।



हम स्कूल में थे, जब भोजपुरी फिल्मों की शुरुआत हुई। पहली फिल्म थी - गंगा मैया तोहेपियरी चढ़इबो। ज़ाहिर है पूरे भोजपुरी-भाषी क्षेत्र में यह फिल्म और इसका संगीत बहुत पसंद किया गया। मुझे याद है बनारस में उन दिनों हर शादी में रफ़ी साहब का यह बिदाई-गीत ज़रूर बजता था -
सोनवा के पिंजरा में बंद भइले हाय राम चिरई के जियरा उदास
टूट गइल डालिया, बिखर गइल खोतवा, छूट गइल नील रे आकास।
इस फिल्म की अपार सफलता को देखते हुए उन्हीं कलाकारों को लेकर एक और फिल्म बनी - लागी नाहीं छूटे रामा। इसके गाने भी खूब मशहूर हुए। उनमे से एक गाना था -

लाल-लाल होंठवा से बरसे ललैया हो के रस चुएला
जइसे अमवा के मोजरा से रस चुएला।
लागे वाली बतियां न बोल मोरे राजा हो करेजा छुएला
तोरी मीठी-मीठी बोलिया करेजा छुएला। 


गाना बड़ा खूबसूरत है। ख़ास तौर पर तलत साहब की आवाज़ इसे और भी मीठा बना देती है। लेकिन न जाने क्यों मेरी नानी ने इस पर टोटल बैन लगा रखा था। गाने ही नहीं देती थीं। कभी भूले भटके शुरू कर दूँ तो फ़ौरन इशारे से बरज देतीं। अब हम ठहरे उस युग के बच्चे जब इशारा ही काफी होता था। क्यों, कैसे, किसलिये जैसे तर्कपूर्ण शब्द बोलने का अधिकार हमें नहीं दिया जाता था। भारत देश में भले ही लोकतान्त्रिक व्यवस्था लागू थी मगर हमारी नानी कुछ मामलों में तानाशाही बरक़रार रखे हुए थीं। नौकरी से अवकाश ग्रहण कर इन दिनों ग्रेटर नोएडा में रहती हूँ और आम काटते हुए जी खोलकर यह गाना गाती हूँ - कि जइसे अमवा के मोजरा से रस चुएला, हो जी रस चुएला।

सच पूछिये तो बच्चन जी की वह कविता बहुत सही है, जिसमें वे कहते हैं कि बौरे आमों पर बौराये भँवर न आये, कैसे समझूँ मधु ऋतु आई। अपनी आत्मकथा के दूसरे भाग 'नीड का निर्माण फिर' में उन्होंने लिखा है कि जिन दिनों वे अपने शोध प्रबंध के सिलसिले में कैंब्रिज में थे, वहाँ वसंत के आने की चर्चा चली। लेकिन भारतीय दृष्टि से वसंत का कोई लक्षण नहीं था -

माना अब आकाश खुला-सा और धुला-सा ,फैला-फैला नीला-नीला
बर्फ़ जली-सी पीली-पीली दूब हरी फिर जिस पर खिलता फूल फबीला
तरु की निरावरण डालों पर मूँगा-पन्ना और दखिनहटे का झकझोरा 
बौरे आमों पर बौराये भँवर न आये कैसे समझूँ मधु ऋतु आई?

सच तो है आम में बौर आयें, उन पर मधु के लोभी भौंरे मंडराये, उसकी मादक गंध से उत्तेजित कोयल कूक उठे, तभी तो पता चलता है कि हाँ, अब वसंत आ गया है।

द्रुमाः सपुष्पाः सलिलं सपद्मं स्त्रियः सकामाः पवनः सुगन्धिः।
सुखाः प्रदोषा दिवसाश्च रम्याः सर्वं प्रिये चारुतरं वसन्ते।।

पेड़ों पर फूल, तालाबों में कमल, स्त्रियों में काम, और पवन में सुगंध भर जाती है। भोर और संध्या सुखद लगती हैं और दिन अच्छे लगने लगते हैं। वसंत के आते ही सब कुछ पहले से अधिक सुन्दर हो जाता है।

यह और बात है कि हमारे पड़ोसी मुल्क में वसंत "आता" नहीं, "आती" है।

लो फिर बसंत आई, लो फिर बसंत आई
फूलों पे रंग लाई।  



पुनश्च :

अभी वसंत से मन न भरा हो तो कुछ गीत और सुन लीजिए -

१. अम्बुआ की डाली डाली झूम रही है आली -विद्यापति (1937)
कानन देवी, पहाड़ी सान्याल




२. अम्बुआ की डारी से बोले रे कोयलिया  - दहेज (1950) जयश्री





३. कुहू-कुहू बोले कोयलिया -स्वर्ण सुंदरी (1958 ) लता मंगेशकर, मोहम्मद रफ़ी



४. सकल बन गगन पवन चलत पुरवाई री -ममता (1966 ) लता मंगेशकर



५. हिय जरत रहत दिन रैन -- गोदान (1963 ) मुकेश

Monday, April 18, 2016

पत्ता पत्ता बूटा बूटा/ टेसू की बातें --जानी मानी भूतपूर्व समाचार वाचिका शुभ्रा शर्मा की श्रृंखला- दूसरी कड़ी

जानी-मानी पूर्व समाचार वाचिका शुभ्रा शर्मा रेडियोनामा पर अपनी श्रृंखला प्रस्‍तुत कर रही हैं--'पत्‍ता पत्‍ता बूटा बूटा'। आज इस श्रृंखला की दूसरी कड़ी। पुरानी कडियां आप यहां पढ़ सकते हैं।


सौभाग्य था मेरा कि बचपन में जिस स्कूल में पढ़ी, वहाँ बड़ा "शांति निकेतनी" वातावरण था। चार-चार कक्षाओं के बीच खुला आँगन और उनमें तरह तरह के पेड़-पौधे। इस तरह हमारा बचपन प्रकृति के साथ बीता। आम, इमली, जामुन, अमरुद, और नीम ही नहीं हम टेसू, कदम्ब, मौलसिरी और अशोक के भी फूलने-फलने का समय जानते थे। म्यूज़िक क्लास के सामने कुंद की ऊँँची झाड़ियाँ थीं। सुबह जल्दी पहुँचकर गिरे हुए फूल बीनने की होड़ रहती हमारे बीच। उन फूलों से हम बिना सुई-डोरे के मालायें गूँथते और अपनी चोटियाँ सजाते थे। जिस लड़की के बालों में सबसे घना गजरा नज़र आता, उससे सब पूछतीं - क्या आठ बजे ही स्कूल आ गयी थी? इसी तरह अलग-अलग मौसम में माधवी, मालती और मौलसिरी के फूल हमारे श्रृंगार बनते।

 

जुलाई में स्कूल खुलता तब पूरी दीवार के साथ लगी करौंदे की झाड़ियाँ फल-फूल रही होतीं। लाल-लाल करौंदे देख मुँह में पानी आये बिना नहीं रहता। माली और दाइयों की आँख बचाकर करौंदों से जेब भरकर लाने वाली लड़की हीरोइन बन जाती। तब तक कदम्ब फूलने लगते। न जाने क्यों मुझे बचपन से कदम्ब के फूल बड़े प्यारे लगते हैं। शायद इसलिये भी कि घर में नानी राधा-कृष्ण की पूजा करती थीं और सुमधुर कंठ से जो गीत गाती रहती थीं उनमे अकसर कदम्ब का ज़िक्र होता था।


मार्च में एक तरफ पढ़ाई का ज़ोर होता तो दूसरी तरफ़ टेसू और सेमल के पेड़ फूलों से लद जाते। सेमल के डोडे चटक कर फूटते तब उनमें से रेशम जैसी रुई निकल कर इधर-उधर उड़ती। तब कुछ दिन उस उड़ती रुई को मुट्ठी में पकड़ने का खेल चलता। आम में बौर लग जाते। उन पर कभी तितलियाँ और भौंरें मँडराते तो कभी नन्हीं-नन्हीं चिड़ियाँ एक डाली से दूसरी डाली पर फुदकते हुए शोर मचाती रहतीं।
नौवीं या दसवीं कक्षा में थी जब हिंदी की पाठ्य पुस्तक में सेनापति का यह कवित्त पढ़ा था।
सेनापति माधव महीना में पलास तरु
देखि-देखि भाव कविता के मन आये हैं।
आधे अनसुलगि सुलगि रहे आधे मानो
बिरही दहन काम कोयला परचाये हैं।
आज के महानगरों का दुःख यही है कि चलती गाड़ी या भागती बस से 'पलाश तरु' का फूलना भले ही दिखायी पड़ जाये लेकिन जिस तरह हमने टेसू के फूलों का गुच्छा हाथ में लेकर इस कविता का मर्म समझा था, वह शायद ही आज किसी बच्चे को नसीब हो। पहले टेसू के इन फूलों को देखिये - आधे लाल हैं और आधे काले --



लगता है न जैसे आधा सुलगा और आधा बिना सुलगा कोयला हो। आज के बच्चे ने तो शायद अंगीठी और उसमे जलते कोयले भी न देखे हों। पर हमने अपने घर में रोज़ देखे थे, इसीलिए सेनापति की यह उपमा दिमाग़ में ऐसी पैठी कि आज तक याद है। अभी यह लेख लिखते समय भी स्मृति से ही लिख रही हूँ, कोई पुस्तक नहीं है मेरे सामने। 

लगभग उसी उम्र में एक बार होली पर दिल्ली से जयपुर जाना हुआ। तब तक कोट पूतली और बहरोड़ वाली सड़क नहीं बनी थी। अलवर होकर जाते थे। सुबह बहुत जल्दी दिल्ली से निकल गये थे। पापा गाड़ी चला रहे थे और मैंने उनींदी होने की वजह से उनके पास आगे बैठने की ज़िद नहीं की थी। शायद सचमुच सो भी गयी थी। अचानक अम्मा की आवाज़ से नींद खुली। हम अलवर से पहले कहीं अरावली की पहाड़ियों के बीच थे। चारों ओर की पहाड़ियों पर केवल टेसू के पेड़ थे। बल्कि उन्हें पेड़ कहना भी उचित न होगा। पेड़ों के नन्हें बच्चों जैसे थे, मुश्किल से तीन-चार फुट ऊँचे। लेकिन हर पौधा लाल-नारंगी फूलों से ढँका हुआ था। अपूर्व दृश्य था। बहुत बाद में शिव मंगल सिंह सुमन जी की कविता सुनी तो वह दृश्य फिर एक बार आँखों में कौंध गया --

इतने पलाश क्यों फूट पड़े है एक साथ
इनको समेटने को इतने आँचल भी तो चहिए,
ऐसी कतार लौ की दिन-रात जलेगी जो
किस-किस की पुतली से क्या-क्या कहिए।

क्या आग लग गई है पानी में
डालों पर प्यासी मीनों की भीड़ लग गई है?
नाहक इतनी अबीर धरती ने उलची है
फागुन के स्वर को मींड लग गई है।

टेसू और पलाश के अलावा इसके दो और नाम मिलते हैं। आम बोलचाल में ढाक और साहित्य में किंशुक। किंशुक नाम इसलिए पड़ा कि इसका फूल आगे से तोते की चोंच की तरह मुड़ा हुआ होता है। उसे देखकर संदेह होता है कि कहीं यह तोता तो नहीं।  किं शुक ?

तो आप इसे पलाश कहिये या किंशुक, संस्कृत कवियों ने इसे वसंत के आगमन का प्रतीक माना है। कुमारसम्भवम् में जब शिव की समाधि भंग करने के लिये देवराज इंद्र कामदेव को भेजते हैं और वह अपने परम मित्र वसंत को साथ लेकर हिमालय पहुँचता है, तब उनके आते ही पूरा वन प्रदेश नयी-नयी कोंपलों और फूलों से गमक उठता है। कालिदास ने यहाँ जिन पेड़ों के फूलने का ख़ास तौर पर उल्लेख किया है, वे हैं - अशोक. आम, कर्णिकार और पलाश।  पलाश के बारे में कहते हैं -

बालेन्दु वक्त्राण्यविकासभावाद्बभुः पलाशान्यतिलोहितानि।
सद्यो वसन्तेन समागतानां नखक्षतानीव वनस्थलीनाम्।।
बाल चन्द्रमा के से आकार वाले पलाश के अत्यन्त लाल-लाल फूल चारों ओर ऐसे फैले हुए थे मानो वसंत ने आते ही वनस्थली के साथ विहार किया हो।

कवि कुल गुरु कालिदास ही नहीं, विश्वकवि रवीन्द्र नाथ ठाकुर भी जब वसंत के आगमन की बात करते हैं तो पलाश को ज़रूर याद करते हैं। कैसे राशि-राशि अशोक और पलाश के पेड़ रंगों में विहँस रहे हैं -

रांगा हांशी राशि-राशि अशोके पलाशे
रांगा नेशा मेघे मेशा प्रभात आकाशे
नबीन पाताय लागे रांगा हिल्लोल द्वार खोल द्वार।
ओ रे गृह बाशी



कितना सुन्दर वर्णन है !
वेणु वन में हवा की मर्मर ध्वनि गूँज रही है, टिड्डे हरी घास पर इठलाते घूम रहे हैं और मधुमक्खी अपने पंखों की वीणा बजाती हुई फूलों से पराग की याचना कर रही है।
हमारे इस विशाल देश में तेज़ी से उगते जा रहे कंक्रीट के जंगलों के बीच कुछ तो कोने ऐसे होंगे जहाँ अशोक और पलाश अब भी फूलते होंगे। टिड्डे और मधुमक्खियाँ अब भी फूलों पर मंडराती होंगी। माधवी लता से बहकर आती हवा उसकी भीनी खुशबू से अब भी सराबोर रहती होगी। लेकिन हमारे पास अब वो आँखें कहाँ कि हम उन्हें देख सकें? वह ह्रदय कहाँ कि उन्हें सराह सकें? और उससे भी अधिक महत्त्वपूर्ण प्रश्न यह कि इतना समय कहाँ कि उस बारे में सोच सकें?

ठीक ही तो कहा था सुमन जी ने --

अब चाहूँ भी तो क्या रुककर रस में भिन सकता हूँ?
चलती गाड़ी से बिखरे- अंगारे गिन सकता हूँ?

अब तो काफी हाउस में रस की वर्षा होती है
प्यालों के प्रतिबिंबों में पुलक अमर्षा होती है।

टेबल-टेबल पर टेसू के दल पर दल खिलते हैं
दिन भर के खोये क्षण, क्षण भर डालों पर मिलते हैं।

पत्ते अब भी झरते पर कलियाँ धुआँ हो गई हैं
अंगारों की ग्रंथियाँ हवा में हवा हो गई हैं।

Monday, April 11, 2016

पत्ता पत्ता बूटा बूटा--जानी मानी भूतपूर्व समाचार वाचिका शुभ्रा शर्मा की श्रृंखला- पहली कड़ी

जानी-मानी भूतपूर्व समाचार-वाचिका शुभ्रा शर्मा का नाम 'रेडियानामा' के लिए नया नहीं है।
वे रेडियोनामा के लिए अपनी श्रृंखला 'न्‍यूज़ रूम से शुभ्रा शर्मा' और कुछ अन्‍य लेख भी लिख चुकी हैं।  रेडियोनामा पर उनका लिखा सब पढने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं। 


शुभ्रा जी आज से एक नयी श्रृंखला लेकर आ रही हैं, जिसका नाम उन्‍होंने रखा है--'पत्‍ता पत्‍ता बूटा बूटा'। इस श्रृंखला के बारे में वे कहती हैं-- 


"आकाशवाणी की नौकरी से फुर्सत पाकर अब मेरे दो पसंदीदा काम हैं - संगीत सुनना और बाग़बानी करना। तो मैंने सोचा कि क्यों न अपने इन दोनों कामों का गौरवपूर्ण सुख आप सबके साथ साझा करूँ ? जब बगीचे में मेरे लगाये किसी पौधे में नयी कोंपल फूटती है या फिर कोई भूला-बिसरा गीत अचानक मुखड़े-अंतरे समेत सुनने को मिल जाता है तो कैसे शुद्ध निर्मल आनन्द की अनुभूति होती है! दिन भर ख़ुशी-ख़ुशी बीत जाता है। आपको भी बाग़-बगीचे का न सही गीत-संगीत का शौक़ तो ज़रूर होगा, वरना आप रेडियो से और रेडियोनामा से जुड़े न होते। तो संगीत के साथ बगीचे के पेड़-पौधों को ताश की गड्डी की तरह फेंटकर एक नयी बाज़ी बाँटने जा रही हूँ। मन लगे तो खेलियेगा वरना पत्ते फेंक दीजियेगा। कोई शिकायत नहीं होगी।"


तो पेश है शुभ्रा शर्मा की श्रृंखला 'पत्‍ता पत्‍ता बूटा बूटा' की पहली कड़ी...

........................................................................................  




सर्दी से ठिठुराये पेड़-पौधे वसंत के आने की भनक पाते ही कैसे नये-नये पत्तों से सज उठते हैं। अभी पिछले अक्टूबर में मैंने एक नारंगी का पौधा खरीदा था। जेब तो ख़ाली कर गया लेकिन मन को ख़ुशी से भर गया। 




बड़ा सा खूबसूरत गमला और उसमें ढेरों हरी पत्तियों के बीच से झाँकती छोटी-छोटी नारंगियाँ इतनी प्यारी लग रही थीं कि क्या बताऊँ !


सर्दी का मौसम आया तो पत्तियाँ पीली पड़ने लगीं। कुछ ही दिनों में सारी पत्तियाँ गिर गयीं और बस
नारंगियाँ ही रह गयीं। दो महीने के खाद-पानी के बावजूद जब पौधे पर एक भी पत्ती के दर्शन नहीं हुए तो आख़िरकार दुखी मन से मैंने नारंगियाँ तोड़कर मीठी चटनी बन डाली। कुछ दिन और बीते। दूसरे-तीसरे दिन पानी दे देती पर सोचने लगी थी कि अब इस गमले में क्या लगाऊँगी। सूनी टहनी पर नयी पत्ती की झलक देखी तो सहसा आँखों पर विश्वास नहीं हुआ। लेकिन अब यकीन हो चला है कि मेरे सब्र का खट्टा ही सही फल ज़रूर मिलेगा।


ना-ना ना-ना ना-ना,
मेरी बेरी के बेर मत तोड़ो कोई काँटा चुभ जायेगा
ऐसे झटके से डाल मत छोड़ो कोई काँटा चुभ जायेगा।
बाबुल ने ये पेड़ लगाया, बीरा ने की रखवाली
मैया ने इसको ऐसे सींचा फूलों को जैसे माली
तुम परदेसी आये कहाँ से, कैसे पकड़ ली डाली
अरे रे मेरी बेरी के  .........


पेड़-पौधों पर मौसम का असर तो जग-ज़ाहिर है। पर क्या वे लोगों को भी पहचानते हैं ? हो सकता है कि ये मेरा वहम हो मगर जब कभी मैं लगातार तीन-चार दिन अपने पेड़-पौधों से नहीं मिल पाती तो सब के सब मुंह लटकाये, शिकायत करते से लगते हैं। और ज़रा दुलार से पानी दे दूँ, पीली पत्तियाँ तोड़ दूँ, आपस में उलझ रही पत्तियों को सुलझा दूँ तो चेहरे खिल उठते हैं सबके। कुछ तो बात है !
मैं जब दिल्ली से ग्रेटर नॉएडा आयी तो वहां से अपने सारे पेड़-पौधे भी लेकर आयी थी। आने-जाने और फिर नयी जगह घर-गृहस्थी जमाने के चक्कर में कई दिनों तक बेचारे बालकनी में अनाथ से खड़े रहे। समय मिलते ही मैंने उन पर ध्यान दिया। लेकिन मूवर्स एंड पैकर्स की कृपा से कुछ टहनियाँ टूट गयी थीं, कुछ गमले फूट गये थे और रेलिंग पर चढ़ी लताओं को तो कंधे से काट दिया गया था। मुझे लगा शायद इस समय कोई माली इनकी देखभाल मुझसे ज़्यादा अच्छी तरह कर सकेगा। मैंने अपनी हाउसिंग सोसाइटी के माली को बुलाकर उसे यह ज़िम्मा सौंपा। उसने कुछ पौधों का प्राथमिक उपचार करके छोड़ दिया और कुछ को 'दवा और दुआ से परे' बताकर उखाड़ फेंका। उनके ख़ाली गमलों को भरने के लिए मैंने उससे कुछ मौसमी पौधे मँगवाये और उसी से लगवाये। जब तक मेरी दिनचर्या सामान्य हुई उसके लगाये पौधे मर चुके थे और उसके सहेजे पौधों पर सफ़ेद लिजलिजे कीड़े लग चुके थे। अब आप ही बताइये कि मैं इस गीत को सच्चा कैसे मानूँ -

बदल जाये अगर माली चमन होता नहीं ख़ाली
बहारें फिर भी आती हैं, बहारें फिर भी आयेंगी।

दिन-ब-दिन मेरा विश्वास पक्का होता जा रहा है कि लोगों की तरह पेड़-पौधे भी अपनों को, उनके हाथ को, उनकी ख़ुशबू को पहचानते हैं। हम जब उदास होते हैं तो वो भी उदास हो जाते हैं और हम खुश हों तो वो भी पत्तियाँ हिला-हिला कर अपनी ख़ुशी ज़ाहिर कर देते हैं।

मिला है किसी का झुमका
ठन्डे-ठन्डे हरे-हरे नीम तले, सच्चे मोती वाला झुमका
ठन्डे-ठन्डे हरे-हरे नीम तले, सुनो क्या कहता है झुमका।

इस गीत में नायिका जिसे सच्चे मोती वाला झुमका बता रही हैं वो दरअसल कोई गहना नहीं, गुड़हल का फूल है। कानों में पहना जाये तो सचमुच झुमके जैसा लगेगा। कुछ वैसा ही जैसा राजा रवि वर्मा की शकुंतला के कान में है।



कालिदास के नाटक अभिज्ञानशाकुन्तलम की नायिका शकुन्तला। महर्षि कण्व के आश्रम में आये राजा दुष्यंत उनकी पालिता पुत्री शकुन्तला से गांधर्व विवाह कर लेते हैं। गर्भ के लक्षण प्रकट होते ही उसे पति के पास भेजने की तैयारियाँ शुरू हो जाती हैं। महर्षि आश्रम के पेड़-पौधों से कहते हैं -

पातुं न प्रथमं व्यवस्यति जलं युष्मास्वपीतेषु या
नादत्ते प्रियमण्डनापि भवतां स्नेहन या पल्लवम्
आद्ये वः कुसुमप्रसूतिसमये यस्याः भवत्युत्सवम्
सेयं याति शकुन्तला पतिगृहम् सर्वैरनुज्ञायताम्।।

यह शकुन्तला
, जो आप सबको पानी दिये बिना कभी पानी नहीं पीती थी, जिसे गहने प्रिय थे पर आपके स्नेह के कारण फूल-पत्ते नहीं तोड़ती थी, पहली बार आपके फूलने पर जो आश्रम में उत्सव मनाती थी, वही शकुन्तला आज अपने पति के घर जा रही है, आप इसे विदा होने की अनुमति दीजिये। और पेड़-पौधे अपनी इस लाड़ली बेटी को तरह-तरह के आभूषणों से सजाकर विदा करते हैं।
जाओ लाडली पति के घर तुम सुखी रहो।
___________________________________________________

शुभ्रा जी की ये श्रृंखला आपको पढ़ने मिलेगी हर सोमवार को।
हर बुधवार जाने माने ब्रॉडकास्‍टर और विविध भारती के हमारे पुराने साथी लोकेंद्र शर्मा की श्रृंखला आयेगी --'ताने माने- लोकेंद्र शर्मा की जिंदगी के'।
और हर शनिवार महेंद्र मोदी आपसे मुखातिब होते रहेंगे अपनी श्रृंखला 'कैक्‍टस के मोह में बिंधा एक मन के ज़रिए'

तो रेडियोनामा पर अपनी हाजिरी भी लगाइये और अपनी बात भी कहते रहिए।

अपनी राय दें