सबसे नए तीन पन्ने :

Showing posts with label विविध कार्यक्रम. Show all posts
Showing posts with label विविध कार्यक्रम. Show all posts

Saturday, April 12, 2008

चित्रशाला

बहुत समय पहले विविध भारती से एक कार्यक्रम प्रस्तुत हुआ करता था - चित्रशाला

जहां तक मुझे याद आ रहा है यह एक पत्रिका कार्यक्रम की तरह था जिसमें कवि अपनी कविताएं, सुनाते रोचक वार्ताएं होती और किसी गीतकार के लिखे गीत प्रसारित होते। यह कार्यक्रम रात में आठ बजे से सप्ताह में एक बार प्रसारित होता था।

यह कार्यक्रम चित्रशाला ही था या कुछ और यह तो पीयूष महेता जी ही बता सकेगें शायद।

हमें तो याद आ रही है इसमें प्रसारित एक हास्य कविता जो उन दिनों साहित्य जगत और समाज में भी लोकप्रिय हुई थी। कवि थे शायद ओमप्रकाश अग्रवाल। कविता में आधुनिक विवाह बताया गया था।

विवाह की सभी रस्में आधुनिक थी। सबसे अच्छे लगे थे फेरे जहाँ दूल्हे और दुल्हिन के सामने एक-एक स्टोव रखा था। कविता की पंक्तियाँ थी -

पंडित ने मन्त्र पढा दूल्हे ने सामने स्टूल पर रखे स्टोव में पंप मारा
पंडित ने मन्त्र पढा दुल्हिन ने पंप मारा

इससे ज्यादा मुझे याद नहीं आ रहा। बाद में शायद यह कार्यक्रम ही बंद हो गया।

कुछ ही समय पहले तक चित्रशाला नाम से पाँच मिनट की लघु वार्ता प्रसारित होती थी जो सवेरे और शाम में ६:५५ पर प्रसारित होती थी। दोनों समय एक ही वार्ता प्रसारित होती थी ऐसा सुना था। यहाँ हैदराबाद में केवल सवेरे की वार्ता प्रसारित होती थी।

रोज के विषय अलग होते थे। एक दिन विज्ञान वार्ता, एक दिन काव्य पाठ होता जो कभी-कभी कवि सम्मेलनों से लिए गए अंश भी होते थे। एक दिन हरिवंश राय बच्चन का काव्य पाठ भी सुना जो कवि सम्मेलन का अंश ही था।

शनिवार या रविवार को वार्ता होती थी - मजहब नहीं सिखाता जिससे बहुत सारी भ्रान्तियाँ दूर होती थी। एक दिन नदियों के बारें में भी वार्ता होती थी। इसे मानवीकरण (परसौनिफिकेशन) कर प्रस्तुत किया जाता था जैसे वार्ताकार कहते -

मैं गोदावरी हूँ। मैं .... से निकलती हूँ.... और सारी जानकारी दी जाती जिसमें नदियों पर बनाए गए बांधों के बारे में भी उपयोगी जानकारी होती।

ऎसी वार्ताएं विभिन्न केन्द्रों से मंगाई जाती। हैदराबाद केन्द्र द्वारा तैयार आंध्र प्रदेश की नदियों की जानकारी पर वार्ताएं भी प्रसारित हुई।

इस तरह रोज एक विषय पर उपयोगी जानकारी मिलाती थी। अगर इस पाँच मिनट के कार्यक्रम को दुबारा शुरू करें तो अच्छा रहेगा। आजकल और भी नए विषय भी इससे जुड़ते जाएगें और साथ ही बहुत सी जानकारियां मिलेगी विभिन्न क्षेत्रों से जैसे अपनी परम्पराएं, सांस्क्रृतिक धरोहर , इतिहास , भूगोल ...

Friday, December 28, 2007

एक बार फिर

मैनें अपने पिछले चिट्ठों में विविध भारती के कुछ ऐसे कार्यक्रमों की चर्चा की थी जिनका प्रसारण अब बन्द हो गया है। अगर ये कार्यक्रम चालू है भी तो शायद इनका प्रसारण बहुत ही सीमित क्षेत्र तक हो रहा है।

ये कार्यक्रम अपने समय में बहुत ही लोकप्रिय रहे। तो क्यों न विविध भारती की स्वर्ण जयन्ती के अवसर पर इन कार्यक्रमों को दुबारा शुरू किया जाए।

रोज़ 15 मिनट के लिए इन कार्यक्रमों को साप्ताहिक कार्यक्रम की तरह प्रसारित किया जा सकता है। यह 15 मिनट का समय दोपहर में रखा जा सकता है। 12 से 1 बजे तक एक घण्टे के लिए सुहाना सफ़र कार्यक्रम प्रसारित होता है, इसी एक घण्टे में 15 मिनट के लिए ये साप्ताहिक कार्यक्रम रखे जा सकते है -

साज़ और आवाज़ - 15 मिनट में दो फ़िल्मी गीत और इन्हीं गीतों की धुनें किसी साज़ पर

एक और अनेक - एक गायक कलाकार के गीत अन्य गायक कलाकारों के साथ, एक गीतकार और संगीतकार के गीत अन्य संगीतकार या गीतकारों के साथ

स्वर सुधा - किसी राग पर आधारित गायन और वादन। गायन में एक फ़िल्मी गीत और एक ग़ैर फ़िल्मी गीत तथा वादन में यही राग किसी साज़ पर लेकिन फ़िल्मी धुन न हो। राग का केवल नाम ही बताया जाए।

चतुरंग - फ़िल्मी गीतों के अलग-अलग रंग है जैसे - एकल गीत (सोलो), युगल गीत, भजन, ग़ज़ल, समूह गीत, क़व्वाली। इन्हीं में से कोई चार रंग यानी चार तरह के गीत

फ़िल्मी भजन - जिनका प्रसारण पहले सांध्य गीत नाम से शाम में होता था।

उदय गान या वृन्द गान - ग़ैर फ़िल्मी देश भक्ति गीत

ज़रा सोचिए दोपहर में ये सभी कार्यक्रम रोज़ साप्ताहिक कार्यक्रम की तरह 15 मिनट के लिए और शेष 45 मिनट के लिए सुहाना सफ़र सुनवाया जाए तो कितना मज़ा आएगा।

आशा है मेरे इस सुझाव पर विचार होगा…

Monday, December 3, 2007

स्वर सुधा

रेडियोनामा पर सुरों का धुनों का सिलसिला चल पड़ा है तो मैनें सोचा क्यों न आज ऐसे ही एक कर्यक्रम की चर्चा की जाए - स्वर सुधा

इस कार्यक्रम का प्रसारण समय भी बहुत अच्छा था। शाम में ६:४५ से ७ बजे तक जिसके तुरन्त बाद फ़ौजी भाइयों की जयमाला शुरू होती थी। उन दिनों सात बजे समाचार प्रसारित नहीं होते थे।

15 मिनट के इस कार्यक्रम में हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के किसी राग के बारे में मुख्य जानकारी दी जाती थी जैसे राग की उत्पत्ति, जाति, मुख्य स्वर और गाने तथा बजाने का समय।

इस कार्यक्रम की विशेषता ये थी कि इसमें किसी राग में गायन और वादन दोनों प्रसारित किया जाता था। इससे रोज़ एक राग का पूरा परिचय मिल जाता था और पूरा आनन्द लिया जा सकता था।

स्वर सुधा के शुरू में राग का नाम बताने के बाद मुख्य बातें बाताई जाती फिर उस राग पर आधारित एक फ़िल्मी गीत सुनवाया जाता फिर ग़ैर फ़िल्मी गीत सुनवाया जाता फिर वही राग किसी साज़ पर सुनवाया जाता।

विवरण भी पूरा बताया जाता था जैसे गायन में फ़िल्म का नाम और गायक कलाकार का नाम, ग़ैर फ़िल्मी गीत के गीतकार या शायर का नाम और गायक कलाकार का नाम तथा वादन के लिए साज़ का नाम और वादक कलाकार का नाम।

स्वर सुधा कार्यक्रम लंबे समय तक नहीं चला। हैद्राबाद में क्षेत्रीय कार्यक्रमों के कारण यहां प्रसारित होना बंद हुआ या विविध भारती से ही बंद हुआ इसकी ठीक से जानकारी मुझे नहीं है।

Monday, November 26, 2007

उदय गान

मेरे सांध्य गीत के चिट्ठे पर पीयूष जी ने अपनी टिप्पणी में उदयगान कार्यक्रम की चर्चा की थी। आज मैं भी उदयगान कार्यक्रम पर ही कुछ लिखना चाहती हूं।

ये कार्यक्रम पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। इसका अंश देशगान के रूप में रोज़ सुबह प्रसारित होता है।

पहले वन्दनवार में भजनों के बाद 15 मिनट का देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम हुआ करता था - उदयगान। इसमें तीन देशभक्ति गीत सुनवाए जाते थे। हर देशभक्ति गीत का पूरा विवरण बताया जाता था जैसे - गीतकार, संगीतकार और गायक कलाकार के नाम।

आजकल वन्दनवार में अंत में एक देशभक्ति गीत सुनवाया जाता है जिसका विवरण अधिकतर नहीं बताया जाता। कभी-कभार गीतकार या गायक कलाकार के नाम या कभी दोनों नाम बता दिए जाते है। इनके संगीतकार के नाम जैसे वनराज भाटिया - ऐसे नाम तो शायद कुछ श्रोता जान ही नहीं पाते होगें।

कुछ गीत तो ऐसे भी है जिन्हें सुने एक अर्सा बीत गया। ये गीत है -

सुभद्रा कुमारी चौहान की रचना झांसी की रानी

सूर्यकांत त्रिपाठी निराला - भारती जय विजय करें

सुमित्रानन्दन पन्त - भारतमाता ग्राम वासिनी

सोहनलान द्विवेदी - बढे चलो बढे चलो

जयशंकर प्रसाद - यह भारतवर्ष हमारा है, हमको प्राणों से भी प्यारा है

अरूण यह मधुमय देश हमारा


श्यामलाल गुप्त पार्षद - विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा

बालकवि बैरागी - ये उम्र ये जवानी पाओगे कब दुबारा
मुझे प्यार से पुकारो मै देश हूं तुम्हारा

गिरिजा कुमार माथुर की अनुवादित रचना - हम होंगें कामयाब

और एक गीत जिसके गीतकार का नाम मुझे याद नहीं आ रहा -

देश की माटी कंचन है

अगर रोज़ गीत के साथ विवरण भी बताया जाए तो अच्छा रहेगा और उससे भी ज्यादा अच्छा होगा अगर उदयगान शीर्षक से ही दुबारा १५ मिनट का ही कार्यक्रम कर दिया जाए।

Tuesday, November 20, 2007

सांध्य गीत

विविध भारती का दिन का प्रसारण पहले साढे चार बजे समाप्त हो जाता था और शाम का प्रसारण साढे छह बजे से शुरू होता था फिर सवा छह बजे से शुरू होने लगा।

शाम के प्रसारण में पहला कार्यक्रम सांध्य गीत होता था। इसमें फ़िल्मों से लिए गए भक्ति गीत सुनवाए जाते थे।

हालांकि फ़िल्मों के भक्ति गीत वास्तव में भजन नहीं होते क्योंकि ये स्थिति के अनुसार बनाए जाते है जैसे नायिका किसी मुश्किल में है और भगवान से प्रार्थना कर रही है, इसी तरह नायक, चरित्र अभिनेता या मां या सभी प्रार्थना करते है।
फिर भी ये गीत अच्छे लगते है।

इस कार्यक्रम में बजने वाले सभी भक्ति गीत, नए हो या पुराने अच्छे लगते थे जैसे -

गीता दत्त और आशा भोंसले का ये गीत -

न मैं धन चाहूं न रतन चाहूं
तेरे चरणों की धूल मिल जाए
तो मैं तर जाऊं श्याम तर जाऊं
हे राम

या गुड्डी फ़िल्म की वाणी जयराम और साथियों की गाई प्रार्थना हो -

हमको मन की शक्ति देना मन विजय करें
दूसरों की जय से पहले खुद को जय करें

ऐसे और भी गीत है जो इस कार्यक्रम में सुने -

फ़िल्म नीलकमल और आवाज़ आशा भोंसले की -

मेरे रोम-रोम में बसने वाले राम
जगत के स्वामी हे अंतर्यामी मैं तुझसे क्या मागूं

आवाज़ लता की

बनवारी रे जीने का सहारा तेरा नाम रे
मुझे दुनिया वालों से क्या काम रे (फ़िल्म - एक फूल चार कांटे)

तोरा मन दर्पण कहलाए (काजल)

कान्हा रे कान्हा तूने लाखों रास रचाए
फिर काहे तोसे और किसी का प्यार न भाए
कान्हा रे (फ़िल्म - ट्रक ड्राइवर)

कुछ पारम्परिक रचनाएं भी बजती थी जैसे फ़िल्म पूरब और पश्चिम से -

ओम जय जगदीश हरे

कुछ वास्तव में भजन होते थे जैसे फ़िल्म संगीत सम्राट तानसेन में महेन्द्र कपूर और कमल बारोट का गाया ये शिव स्तुति गान -

हे नटराज ! गंगाधर शंभो भोलेनाथ जय हो
जय जय जय विश्व नाथ जय जय कैलाश नाथ
हे शिव शंकर तुम्हारी जय हो
हे दया निधान गौरी नाथ चन्द्रभान अंग भस्म ज्ञानमाल
मैं रहूं सदा शरण तुम्हारी जय हो

फ़िल्म दुर्गामाता में एस जानकी की गाई दुर्गास्तुति।

कुछ धार्मिक फ़िल्मों की रचनाएं जैसे संपूर्ण रामायण, कैलाशपति

कुछ आरतियां भी अच्छी लगती थी -

मैं तो आरती उतारूं रे संतोशी माता की

तो कुछ भक्ति गीत मन को छू लेते थे जैसे मनाडे की आवाज में चंदा और बिजली फ़िल्म का ये गीत -

काल का पहिया घूमे रे भैय्या

तो कुछ पुरानी रचनाएं जैसे फ़िल्म आनन्द मठ की हेमन्त कुमार और गीता दत्त की गाई रचना - हरे मुरारी

सूची बहुत लम्बी है। कुछ सालों से सान्ध्य गीत कार्यक्रम यहां हैद्राबाद में प्रसारित नहीं हो रहा। विविध भारती से ही इसका प्रसारण बन्द हो गया या क्षेत्रीय प्रसारण के कारण हैद्राबाद में प्रसारित नहीं हो रहा, इसकी मुझे ठीक से जानकारी नहीं है।

लेकिन जब से ये कार्यक्रम बन्द हुआ है इन गीतों को हम सुन ही नहीं पा रहे।

Tuesday, November 13, 2007

साज़ और आवाज़

पिछले सप्ताह अपने चिट्ठे में पीयूष मेहता जी ने गुंजन कार्यक्रम की चर्चा की थी। आज मैं विविध भारती के ऐसे ही एक कार्यक्रम की चर्चा कर रही हूं - साज़ और आवाज़

पहले इस कार्यक्रम का प्रसारण दोपहर में होता था। समय 1:30 या 2:00 बजे कुछ ठीक से याद नहीं आ रहा। प्रसारण का दिन भी याद नहीं आ रहा।

कुछ समय बाद यह कार्यक्रम बंद हो गया। विविध भारती से ही बंद हुआ या क्षेत्रीय प्रसारण के कारण यहां हैद्राबाद में सुना नहीं जा सका इस बारे में ठीक से पता नहीं है।

कुछ समय बाद फिर से इसका प्रसारण शुरू हो गया। इस बार प्रसारण समय था रात में जयमाला के बाद 7:45 से 8:00 बजे तक। प्रसारण का दिन शायद रविवार। लेकिन अधिक दिन तक यह कार्यक्रम नहीं चला और कुछ ही साल से यहां सुनाई नहीं दे रहा है।

इस कार्यक्रम में एक फ़िल्मी गीत की धुन किसी साज़ पर बजाई जाती थी फिर यही गीत सुनवाया जाता था। गीत का विवरण तो बताया ही जाता था साथ में यह भी बताया जाता था कि धुन किस साज़ पर और किस कलाकार ने बजाई है।

माउथ आर्गन पर भी कई कलाकारों ने धुनें बजाई। किस्मत फ़िल्म (विश्वजीत और बबिता) में महेन्द्र कपूर के गाए गीतों की धुनें गिटार पर अच्छी लगती थी।

लव इन टोकियो फ़िल्म के लोकप्रिय गीत सायोनारा की धुन भी बहुत अच्छी लगती थी पर इस साज़ का नाम याद नहीं आ रहा।

सबसे अच्छी धुन थी सितार पर राग पहाड़ी में फ़िल्म प्रेमपर्वत के इस गीत की -

ये दिल और उनकी निगाहों के साए

मुझे खेद है कि इस समय एक भी वादक कलाकार का नाम मुझे याद नहीं आ रहा।

क्या ही अच्छा हो कि इस तरह की धुनें सुनाना विविध भारती फिर से शुरू करे। कम से कम पांच मिनट का ही कार्यक्रम जिसमें एक धुन और वादक कलाकार का नाम हो।

आज का युवा वर्ग भी संगीत से बहुत लगाव रखता है तो इन युवा कलाकारों को भी मौका मिल जाएगा और पुराने वादक कलाकारों की धुनें भी फिर से सुनने को मिल जाएगी।

Wednesday, October 24, 2007

अपना घर

आज हम ऐसे कार्यक्रम की बात करेंगे जिसे फ़ुरसत में सुना जाता था। जी हां ! आप में से कुछ लोग तो ज़रूर समझ गए होंगें मैं बात कर रही हूं अपना घर कार्यक्रम की जो हर रविवार विविध भारती से दोपहर २ बजे से २:३० बजे तक प्रसारित होता था।

यह एक मैगज़ीन प्रोग्राम था जिसमें अलग-अलग तरह के तीन-चार कार्यक्रम होते थे जैसे गीत, नाटक - प्रहसन और रोचक वार्ता आदि।

कुछ कार्यक्रम बहुत लोकप्रिय हो जाते तब अपना घर में दुबारा सुनवाए जाते थे जैसे हवामहल में प्रसारित झलकियां ज़मीं के लोग और बेसन के लड्डू अपना घर में दुबारा सुनवाई गई।

अपना घर में सुना गया एक हास्य गीत मुझे अच्छी तरह से याद है। गीत का शीर्षक है - कुंवारों का गीत और गीत का मुखड़ा है -

चाहे गोरी दें या काली दें
भगवान तू एक घरवाली दें

पूरे गीत में यही कहा गया है कि चाहे जैसी भी हो, कितने भी अवगुण, अपगुण क्यों न हों, हमें कोई फ़र्क नहीं पड़ता, बस भगवान तू एक घरवाली हमें दे दो।

यह गीत युगल स्वर में था पर दोनों पुरूष स्वर थे। हार्मोनियम पर गाए इस गीत में तबले की संगत थी और अधिक साज़ नहीं थे। गीत लिखने वाले, धुन बनाने वाले और गायकों के नाम याद नहीं आ रहे।

अपना घर कार्यक्रम का संचालन भी बड़े रोचक अंदाज़ में होता था। मौजीरामजी प्रस्तुत करते थे साथ में और भी आवाज़ें होती थी। कभी कहा जाता था यह छाया जी, माया जी और रफ़िया जी की आवाज़े है। पता नहीं चल पाया कि ये नाम सच थे या मौजीराम की तरह ही नकली नाम थे। पर कार्यक्रम जब तक चला इसकी रोचकता बनी रही।

Monday, October 22, 2007

हर रविवार एक फ़िल्म

पहले विविध भारती से हर रविवार दिन में ११ से १२ बजे तक एक घण्टे के लिए एक फ़िल्म प्रसारित होती थी।

प्रसारित होने का मतलब है फ़िल्म की कहानी सुनाई जाती थी। जी नहीं ! कोई कहानी कहता नहीं था बल्कि फ़िल्म का आडियो भाग सुनाया जाता था।

कोई भी फ़िल्म ढाई से तीन घण्टे की होती है जिसे एक घण्टे में समेटना कठिन काम है। लेकिन इतनी कुशलता से संपादन किया जाता था कि लगता ही नहीं था कि फ़िल्म का कोई भाग छूट गया है।

कभी-कभी कुछ सीनस को आपस में जोड़ने से भी कहानी के क्रम में कुछ कठिनाई होती तो उदघोषक एकाध वाक्य कह कर कहानी का क्रम बनाए रखते। गीत भी अपनी जगह पर बजते। यह बात और है कि गीतों का केवल मुखड़ा बजता।

कहानी की समाप्ति पर फ़िल्म से जुड़े सभी के नाम बताए जाते। फ़िल्मों का चयन भी बहुत बढिया होता था जिसमें बूंद जो बन गई मोती जैसी सार्थक फ़िल्मों को चुना जाता तो दो चोर जैसी लोकप्रिय फ़िल्में भी शामिल होती।

हमारे एक मित्र है जिनकी आरंभिक शिक्षा गांव में हुई और उच्च शिक्षा के लिए वो शहर आए। वे बताते है कि उनके गांव में तीन-चार घरों में ही रेडियो था। हर रविवार को ११ बजे उन घरों के बाहर दरवाज़े पर चारपाई पर रेडियो रख दिये जाते और आवाज़ बढा कर फुल वाल्यूम पर रेडियो बजाया जाता। सारा गांव एक घण्टे तक तीन-चार समूहों में बंट कर फ़िल्म की कहानी सुनता।

अस्सी के दशक से हैद्राबाद में बारी-बारी से एक रविवार हिन्दी फ़िल्म और एक रविवार को क्षेत्रीय केन्द्र से तेलुगु फ़िल्म की कहानी सुनाई जाने लगी। फिर लगातार हर रविवार तेलुगु फ़िल्म ही बजने लगी जिससे विविध भारती के हिन्दी फ़िल्मों का क्रम टूट गया।

इस कार्यक्रम का शीर्षक चित्रपट या चित्रशाला था। ठीक से याद नहीं आ रहा।

वैसे चित्रशाला शीर्षक से पांच मिनट का एक कार्यक्रम रोज़ भूले-बिसरे गीत से पहले प्रसारित होता था जिसमें लघु वार्ता या काव्य पाठ सुनाया जाता था। कुछ समय से ये कार्यक्रम भी यहां हैद्राबाद में सुनाई नहीं दे रहा।

यह चित्रशाला कार्यक्रम भी फ़िल्म की कहानी सुनना बंद करने के बहुत समय बाद से यहां हैद्राबाद में सुनाई देने लगा। इसीसे ध्यान हीं नहीं आ रहा कि फ़िल्म की कहानी के कार्यक्रम का शीर्षक चित्रशाला था या चित्रपट या कुछ और।

अपनी राय दें